हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में जापान दौरे पर गए प्रतिनिधिमंडल ने आज ओसाका में विभिन्न जापानी शहरों के महापौरों से एक महत्वपूर्ण बैठक की। इस बैठक में हरियाणा और जापान के बीच सामाजिक, आर्थिक और औद्योगिक सहयोग को मजबूत करने पर विस्तृत चर्चा हुई।
मुख्यमंत्री सैनी ने कहा कि वैश्विक साझेदारियों को मजबूत करने में अब स्थानीय प्रशासनिक निकायों की भूमिका पहले से कहीं अधिक अहम हो गई है। उन्होंने ज़ोर देकर कहा कि तेज़ी से होते शहरीकरण के दौर में भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए शहरी बुनियादी ढांचे और सेवाओं की सुनियोजित योजना और विकास आवश्यक है।
उन्होंने यह भी कहा कि जापान के आधुनिक शहरी मॉडल साझा कर हरियाणा अपने शहरों के विस्तार और उन्नयन की रणनीति तैयार करेगा। इस दिशा में जापान और हरियाणा के बीच सहयोग बढ़ाने में महापौरों की भूमिका को उन्होंने "महत्वपूर्ण सेतु" बताया।
बैठक के दौरान जापानी महापौरों ने जापान-भारत संबंधों, विशेषकर ऑटोमोटिव उद्योग में सहयोग, को लेकर अपने प्रयासों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जापानी कंपनियाँ हरियाणा को एक तेज़ी से उभरता और भरोसेमंद औद्योगिक गंतव्य मानती हैं, और इस दिशा में सहयोग की संभावनाएँ प्रबल हैं।
