अमेरिका के टेक्सास में टारगेट कंपनी के स्टोर के बाहर गोलीबारी, तीन लोगों की मौत | The Voice TV

Quote :

"जिन्दगी के लक्ष्य में प्राप्ती करते समय सिर्फ 2 सोच रखनी चाहिए, अगर रास्ता मिल गया तो ठीक, नहीं तो रास्ता में खुद बना लूँगा।"

International

अमेरिका के टेक्सास में टारगेट कंपनी के स्टोर के बाहर गोलीबारी, तीन लोगों की मौत

Date : 12-Aug-2025

वाशिंगटन, 12 अगस्त। संयुक्त राज्य अमेरिका के दूसरे सबसे राज्य टेक्सास के ऑस्टिन में सोमवार दोपहर टारगेट कंपनी के स्टोर के बाहर हुई गोलीबारी में एक बच्चे समेत तीन लोगों की मौत हो गई। इस गोलीबारी में एक अन्य व्यक्ति मामूली रूप से घायल हो गया। पुलिस ने संदिग्ध आरोपित को भागने के बाद एक स्थान पर गिरफ्तार लिया। यह जानकारी ऑस्टिन पुलिस ने दी।

एनबीसी न्यूज और द न्यूयॉर्क टाइम्स की खबर के अनुसार, ऑस्टिन की पुलिस प्रमुख लिसा डेविस ने बताया कि पुलिस को दोपहर 2:15 बजे गोलीबारी की सूचना मिली। पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। अधिकारियों को स्टोर की पार्किंग में तीन लोग लहूलुहान मिले। डेविस ने बताया कि गिरफ्तार किए गए संदिग्ध हत्यारे की उम्र करीब 32 वर्ष है।

उन्होंने बताया कि संदिग्ध खूनखराबा करने के बाद पार्किंग से किसी की कार चुराकर भाग गया। भागने की जल्दबाजी में वह दुर्घटना का शिकार हो गया। तब उसने दूसरी कार पर हाथ साफ किया और रफूचक्कर होने की कोशिश की। पीछा कर रही पुलिस ने उसे दबोच लिया। पुलिस प्रमुख ने कहा, "ऑस्टिन के लिए दुखद दिन है।"

पुलिस प्रमुख ने बताया कि पार्किंग में लहूलुहान मिले एक वयस्क और एक बच्चे को घटनास्थल पर ही मृत घोषित कर दिया गया। लहूलुहान मिले दूसरे वयस्क को अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल ने उसे मृत घोषित कर दिया। उन्होंने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि संदिग्ध पहचान फिलहाल उजागर नहीं की जा रही। वह मानसिक अवसाद में है। उसके गोलीबारी के पीछे के मकसद की जांच की जा रही है।

ऑस्टिन की पुलिस प्रमुख लिसा डेविस ने बताया कि तीन दिन पहले एक 30 वर्षीय व्यक्ति ने रोग नियंत्रण एवं रोकथाम केंद्र के अटलांटा मुख्यालय पर गोलीबारी की थी। इस गोलीबारी में एक पुलिस अधिकारी की मौत हो गई थी। हमलावर बंदूकधारी ने इसके बाद आत्महत्या कर ली। पिछले महीने न्यूयॉर्क में एक बंदूकधारी ने मिडटाउन मैनहट्टन कार्यालय की इमारत में घुसकर चार लोगों की गोली मारकर हत्या कर दी थी।

ऑस्टिन के मेयर किर्क वॉटसन ने एक्स पर पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने कहा, "मेरी संवेदनाएं पीड़ितों और उनके परिवारों के साथ हैं। मैं बस इतना कहूंगा कि यह बंदूक हिंसा का घिनौना और कायराना कृत्य है।"


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement