थाईलैंड-कंबोडिया के बीच आज कुआलालंपुर में शांति वार्ता | The Voice TV

Quote :

"जिन्दगी के लक्ष्य में प्राप्ती करते समय सिर्फ 2 सोच रखनी चाहिए, अगर रास्ता मिल गया तो ठीक, नहीं तो रास्ता में खुद बना लूँगा।"

International

थाईलैंड-कंबोडिया के बीच आज कुआलालंपुर में शांति वार्ता

Date : 28-Jul-2025

कुआलालंपुर, 28 जुलाई । थाईलैंड और कंबोडिया के नेता आज दोपहर यहां शांति वार्ता में हिस्सा लेंगे। थाईलैंड के वार्ताकार देश के कार्यवाहक प्रधानमंत्री फुमथम वेचायाचाई के नेतृत्व में मलेशिया की राजधानी कुआलालंपुर पहुंच चुके हैं। दोनों देश के नेता अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड जे. ट्रंप की चेतावनी के बाद शांति वार्ता को तैयार हुए हैं।

थाईलैंड के बैंकॉक पोस्ट अखबार की खबर के अनुसार, दोनों देशों के नेता आज दोपहर तीन बजे कुआलालंपुर में शांति वार्ता के लिए तैयार हैं। इस दौरान दक्षिण-पूर्वी एशिया के इन दोनों देशों के बीच एक दशक से भी अधिक समय में हुए सबसे घातक संघर्ष को समाप्त करने के तौर-तरीकों पर चर्चा होगी। शांति वार्ता की यह पहल ट्रंप की टैरिफ की धमकी के बाद दोनों देशों ने की है।

थाईलैंड के सरकारी प्रवक्ता जिरायु होंगसुब के अनुसार, देश के कार्यवाहक प्रधानमंत्री फुमथम वेचायाचाई और कंबोडियाई प्रधानमंत्री हुन मानेट

कुआलालंपुर के स्थानीय समयानुसार दोपहर तीन बजे (थाईलैंड समयानुसार दोपहर दो बजे) कुआलालंपुर में मुलाकात करेंगे। यह मुलाकात मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम के कार्यालय में होगी। अनवर दक्षिण-पूर्वी एशियाई राष्ट्र संघ के अध्यक्ष होने के नाते इस बैठक की अध्यक्षता करेंगे। उल्लेखनीय है कि दोनों देशों के बीच 24 जुलाई को लड़ाई शुरू हुई है।

ट्रंप ने रविवार को यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन से मुलाकात से ठीक पहले पत्रकारों से कहा कि उन्होंने दोनों देशों के शीर्ष नेतृत्व से बातचीत की है। उल्लेखनीय है कि अमेरिका के साथ थाईलैंड की व्यापार वार्ता में 46 अरब डॉलर के व्यापार अधिशेष को कम करने के प्रयास में अमेरिकी वस्तुओं के लिए विस्तारित पहुंच की पेशकश शामिल है।

थाईलैंड के द नेशन अखबार के अनुसार, मई के अंत में सीमा पर झड़प के दौरान एक कंबोडियाई सैनिक की हत्या के बाद से थाईलैंड और कंबोडिया के बीच तनाव बढ़ा। 24 जुलाई से हुई झड़पों में अब तक दोनों देशों के 30 स अधिक लोगों की मौत हो चुकी है। थाई अधिकारियों ने बताया है कि सीमावर्ती क्षेत्रों से 200,000 से अधिक लोगों को निकाला गया है।

महत्वपूर्ण यह है कि मलेशियाई प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम ने गुरुवार को सीमा विवाद के संघर्ष में बदल जाने के तुरंत बाद युद्धविराम वार्ता का प्रस्ताव रखा था। चीन और अमेरिका ने वार्ता में सहायता की पेशकश की थी। कंबोडिया के अखबार खमेर टाइम्स की खबर के अनुसार, मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम ने उम्मीद जताई है कि आज दोनों देश युद्ध विराम पर सहमत हो जाएंगे। इब्राहिम के अनुसार, वह व्यक्तिगत रूप से कोशिश करेंगे कि दोनों पक्षों को राजी किया जा सके।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement