ट्रंप ने 'अमेरिका को महान' बनाने के लिए छह माह में चुनावी वादे पूरे किए, व्हाइट हाउस का दावा | The Voice TV

Quote :

"जिन्दगी के लक्ष्य में प्राप्ती करते समय सिर्फ 2 सोच रखनी चाहिए, अगर रास्ता मिल गया तो ठीक, नहीं तो रास्ता में खुद बना लूँगा।"

International

ट्रंप ने 'अमेरिका को महान' बनाने के लिए छह माह में चुनावी वादे पूरे किए, व्हाइट हाउस का दावा

Date : 22-Jul-2025

वाशिंगटन, 22 जुलाई। संयुक्त राज्य अमेरिका के सत्ता के सबसे बड़े केंद्र व्हाइट हाउस ने कहा है कि राष्ट्रपति डोनाल्ड जे. ट्रंप ने 'अमेरिका को महान' बनाने के लिए किए गए अपने चुनावी वादे छह माह में पूरे कर दिए। व्हाइट हाउस ने कहा कि ट्रंप ने 20 मुख्य वादों पर चुनाव लड़ा। उन्होंने निस्संदेह छह महीनों में उन्हें पूरा कर दिया।

व्हाइट हाउस के आधिकारिक ई-मेल से भेजे गए विवरण के अनुसार, राष्ट्रपति ने सीमा की ही नहीं सार्वजनिक सुरक्षा बढ़ाने पर जोर दिया है। ट्रंप ने आधुनिक अमेरिकी इतिहास के किसी भी राष्ट्रपति की तुलना में अपने वादों को पूरा करने के लिए अधिक काम किया है। निरर्थक जलवायु पहल को समाप्त किया है। अंग्रेजी को आधिकारिक भाषा बनाया है।

व्हाइट हाउस ने विवरण साझा करते हुए उन प्रमुख 10 वादों का जिक्र किया है, जिन्हें राष्ट्रपति ट्रंप ने पूरा किया है। पहला-प्रवासी घुसपैठ रोकने के लिए सीमा सील की गई है। इससे दक्षिणी सीमा पार करने वाले अवैध प्रवासियों की संख्या ऐतिहासिक रूप से सबसे कम हुई है। सीमा पर दीवार का निर्माण शुरू हो गया है। लगातार दो महीनों से देश के अंदरुनी हिस्सों में एक भी अवैध प्रवासी को नहीं छोड़ा गया है।

दूसरा-अमेरिकी इतिहास में सबसे बड़ा निर्वासन अभियान चलाया गया। ट्रंप प्रशासन ने अवैध प्रवासी हत्यारों, बलात्कारियों, गैंग बैंगर्स, ड्रग तस्करों और अन्य हिंसक अपराधियों को खदेड़कर उन्हें वापस भेज रहा है। तीसरा- मुख्य मुद्रास्फीति चार वर्षों में अपने सबसे निचले स्तर के करीब है। रोजमर्रा की वस्तुओं की कीमत में लगातार गिरावट हो रही है। गैस की कीमतें चार वर्षों में अपने सबसे निचले स्तर पर हैं। लोगों के वेतन में वृद्धि हुई है। शेयर बाजार के नए रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचने के साथ वॉल स्ट्रीट मजबूत हुआ है।

चौथा-अमेरिका दुनिया का सबसे प्रमुख ऊर्जा उत्पादक देश होगा। इसके लिए रिकॉर्ड संख्या में बोझिल नियमों को हटाया है। पाइपलाइनों का विस्तार हुआ है। परिणामस्वरूप अमेरिकी तेल और प्राकृतिक गैस का उत्पादन बढ़ गया है। वैश्विक कीमतें नीचे आई हैं। पांचवा-संयुक्त राज्य अमेरिका को विनिर्माण महाशक्ति में बदलने की प्रक्रिया उत्साहवर्धक है। कई कम्पनियों ने नए निवेश में खरबों डॉलर की घोषणा की है। अमेरिकी में हजारों रोजगार सृजित हो रहे हैं। छठा- कामकाजी और मध्यम वर्ग के नागरिकों के लिए इतिहास की सबसे बड़ी कर कटौती की गई है। अब सामाजिक सुरक्षा पर कोई कर नहीं लगेगा। छोटे व्यवसायों, किसानों, श्रमिकों और परिवारों को अभूतपूर्व राहत दी गई है।

सातवां-संविधान, अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता, धार्मिक स्वतंत्रता और हथियार रखने और धारण करने के अधिकार की रक्षा की गई है। राष्ट्रपति ने धार्मिक स्वतंत्रता की रक्षा करने और दूसरे संशोधन अधिकारों की रक्षा करने वाले कार्यकारी आदेशों पर हस्ताक्षर किए हैं। आठवां- तीसरे विश्व युद्ध को रोकने की पहल की है। यूरोप और मध्य पूर्व में शांति बहाली की दिशा में बड़े कदम उठाए हैं। कांगो लोकतांत्रिक गणराज्य और रवांडा के बीच शांति समझौता कराया है। नौवां-राष्ट्रपति ने न्याय विभाग और एफबीआई से भ्रष्ट तत्वों को बाहर का रास्ता दिखा दिया है। हथियारबंद सरकार के युग का खात्मा किया है। दसवां-मानव तस्करी नेटवर्क पर बड़ा हमला कर कार्टेल पर शिकंजा कसा है। इसको विदेशी आतंकवादी संगठन घोषित किया जा रहा है। गिरोह के सदस्यों को निर्वासित किया जा रहा है।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement