थाईलैंड और कंबोडिया के बीच गहराते सीमा विवाद के चलते दोनों देशों ने एक-दूसरे पर कड़े प्रतिबंध लगा दिए हैं। थाईलैंड ने कंबोडिया की ओर जाने वाले सभी यात्रियों और वाहनों पर प्रतिबंध लागू कर दिया है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, यह निर्णय हालिया सुरक्षा परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए लिया गया है। थाई सेना ने कहा कि यह कदम वर्तमान स्थिति की गंभीरता को दर्शाता है।
बीते महीने सीमा पर हुई सशस्त्र झड़पों में एक कंबोडियाई सैनिक की मौत हो गई थी, जिसके बाद दोनों देशों के बीच दशकों में सबसे खराब तनाव देखने को मिला है।
इस कार्रवाई के जवाब में कंबोडिया ने भी थाईलैंड से आने वाले कई प्रकार के आयातों पर प्रतिबंध लगा दिया है। इनमें फल, सब्जियाँ, बिजली, इंटरनेट सेवाएँ और थाई टेलीविजन नाटक व फिल्में शामिल हैं।
इन आपसी प्रतिबंधों ने दोनों देशों के संबंधों को और अधिक जटिल बना दिया है और क्षेत्रीय स्थिरता को लेकर चिंताएं बढ़ा दी हैं।
