श्रीलंका को अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (IMF) की विस्तारित निधि सुविधा (Extended Fund Facility) की अगली और अंतिम किश्त मिलने की पूरी उम्मीद है। कोलंबो में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम के बाद हमारे विशेष संवाददाता से बातचीत में श्रीलंका के श्रम मंत्री प्रो. ए. अनिल जयंता फर्नांडो ने बताया कि देश ने IMF कार्यक्रम के तहत सभी जरूरी मानदंडों को सफलतापूर्वक पूरा कर लिया है।
मंत्री फर्नांडो ने बताया कि हाल ही में IMF की प्रथम उप प्रबंध निदेशक गीता गोपीनाथ ने राष्ट्रपति अनुरा दिसानायके के साथ बैठक के दौरान स्पष्ट किया कि यह श्रीलंका का अंतिम विस्तारित निधि सुविधा कार्यक्रम होगा।
आर्थिक प्रगति पर बोलते हुए उन्होंने बताया कि वर्ष 2025 की पहली तिमाही में देश की अर्थव्यवस्था में 4.8 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई, जिसमें उद्योग क्षेत्र में उल्लेखनीय रूप से 10 प्रतिशत की वृद्धि हुई।
गौरतलब है कि वर्ष 2022 में श्रीलंका अपने सबसे गंभीर आर्थिक संकट का सामना कर रहा था, जब उसने विदेशी ऋण चुकाने में असमर्थता जताते हुए भुगतान रोक दिया था। इस संकट की घड़ी में भारत ने श्रीलंका को 4.5 अरब डॉलर से अधिक की सहायता प्रदान कर महत्वपूर्ण सहयोग किया था।
