आज सुबह ग्रीस और तुर्की में भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए। ग्रीस के डोडेकेनीज़ द्वीप समूह में 6.2 तीव्रता का भूकंप आया, जबकि लगभग उसी समय तुर्की के तटीय शहर मारमारिस में 5.8 तीव्रता का भूकंप दर्ज किया गया। यह झटका सुबह 2:17 बजे महसूस किया गया और इसका प्रभाव ग्रीक द्वीप रोड्स समेत आसपास के इलाकों में देखा गया।
मारमारिस में लोग दहशत में अपने घरों से बाहर निकलने लगे, इस दौरान 7 लोग घायल हो गए। कुछ लोग खिड़कियों या बालकनियों से कूद कर बाहर निकलने की कोशिश करते हुए घायल हुए। घायलों का इलाज स्थानीय अस्पतालों में किया जा रहा है।
तुर्की एक भूकंप संभावित क्षेत्र में स्थित है, जहां कई सक्रिय फॉल्ट लाइनें हैं। देश पहले भी बड़े भूकंपों का सामना कर चुका है। वर्ष 2023 में, एक 7.8 तीव्रता के भीषण भूकंप ने तुर्की में 53,000 से अधिक और उत्तरी सीरिया में लगभग 6,000 लोगों की जान ले ली थी।
अधिकारियों ने प्रभावित इलाकों में बचाव अभियान शुरू कर दिया है और किसी बड़ी क्षति की पुष्टि अब तक नहीं हुई है। भूकंप विशेषज्ञ हालात पर नजर बनाए हुए हैं।
