अमेरिका: फ्लोरिडा में ताबड़तोड़ फायरिंग से दहशत, दस घायल | The Voice TV

Quote :

"हम जो सोचते हैं, वो बन जाते हैं। इसलिए हमेशा अच्छा सोचें।" — गौतम बुद्ध

International

अमेरिका: फ्लोरिडा में ताबड़तोड़ फायरिंग से दहशत, दस घायल

Date : 31-Jan-2023

 वाशिंगटन, 31 जनवरी (हि.स.)। अमेरिका में गोलीबारी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। अब फ्लोरिडा की सड़कों पर खुलेआम ताबड़तोड़ फायरिंग से दहशत का माहौल बन गया है। घटना में दस लोग घायल हो गए।

जानकारी के मुताबिक स्थानीय समयानुसार दोपहर 3.43 बजे फ्लोरिडा के एवेन्यू नार्थ और प्लम स्ट्रीट के बीच ताबड़तोड़ फायरिंग होने लगी। दोपहर में जब यातायात सामान्य रूप से चल रहा था, अचानक एक सेडान कार धीमी हुई और उस पर सवार लोगों ने अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। अचानक हुई फायरिंग से क्षेत्र में दहशत फैल गयी। कार के शीशे नीचे कर कुछ देर लगातार गोलियां दागकर कार सवार फरार हो गए। गोलीबारी में दस लोग घायल हो गए, जिन्हें अस्पताल पहुंचाया गया। घायलों में कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है। कुछ लोगों के चेहरे पर भी गोली लगी है।

पुलिस ने बताया कि फायरिंग करने वाले अपराधियों और वाहनों की तलाश की जा रही है। गोलीबारी में दस लोगों के घायल होने की पुष्टि करते हुए पुलिस ने बताया कि सभी घायल 20 से 35 वर्ष आयु वर्ग के हैं। एक पुलिस अधिकारी ने तो यहां तक कहा कि अपनी तीन दशक से अधिक की नौकरी में उन्होंने पहली बार इस तरह की घटना का सामना किया है, जिसमें बीच सड़क पर इस तरह गोलीबारी कर एक साथ दस लोगों को घायल कर दिया गया हो।

घटनास्थल पर पुलिस को कुछ मात्रा में नशीले पदार्थ भी मिले हैं। इसलिए पुलिस नशीले पदार्थों के सेवन व बिक्री से जोड़ कर भी घटना की पड़ताल कर रही है। पुलिस ने कार व उसपर सवार हमलावरों के बारे में जानकारी जुटाने के लिए सीसीटीवी फुटेज भी जारी किये हैं।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement