ईरान ने तीन हजार से ज्यादा अफगान शरणार्थियों को देश से निकाला | The Voice TV

Quote :

"जिन्दगी के लक्ष्य में प्राप्ती करते समय सिर्फ 2 सोच रखनी चाहिए, अगर रास्ता मिल गया तो ठीक, नहीं तो रास्ता में खुद बना लूँगा।"

International

ईरान ने तीन हजार से ज्यादा अफगान शरणार्थियों को देश से निकाला

Date : 27-Jan-2023

तेहरान, 27 जनवरी (हि.स.)। अफगानिस्तान में तालिबान की सत्ता आने के बाद भाग कर ईरान पहुंचे अफगानी नागरिकों को अब ईरान में भी मुसीबतों का सामना करना पड़ रहा है। ईरान ने तीन हजार से ज्यादा अफगान शरणार्थियों को देश से निकाल दिया है। इन्हें जबरन अफगानिस्तान भेज दिया गया है।अफगानिस्तान में तालिबान के हाथों में सत्ता आने के बाद भारी संख्या में अफगानी नागरिकों का पलायन हुआ था। भयानक आर्थिक स्थितियों व दुरूह जीवन के कारण अफगानिस्तान छोड़कर भागे लोगों में से बड़ी संख्या ईरान गई थी। अनुमान है कि इस समय अफगानिस्तान के 40 लाख से अधिक नागरिक ईरान में रह रहे हैं। ईरान इन अफगानी नागरिकों को अपने देश के लिए मुसीबत मानता है। इसीलिए इन्हें देश से निकालने का फैसला किया गया है।

ईरान के नागरिकों को हिरासत में लेकर जबरन अफगानिस्तान भेजने की प्रक्रिया शुरू की गई है। बीते दो दिनों के भीतर ईरान सरकार ने 3123 अफगानी नागरिकों को अवैध रूप से ईरान में रहने के आरोप में गिरफ्तार किया गया। इसके बाद इन्हें इस्लाम कला और पुले अब्रीशाम सीमाओं से वापस अफगानिस्तान भेज दिया गया। इस घटनाक्रम से तालिबान के अधिकारी हैरान हैं।

तालिबान की अंतरिम सरकार के शरणार्थी एवं प्रत्यावर्तन मंत्रालय के अधिकारियों ने इस घटनाक्रम की पुष्टि करते हुए बताया कि हेरात व निमरूज प्रांतों की सीमाओं से ईरान में शरणार्थी के रूप में रह रहे अफगानी नागरिक वापस आ चुके हैं। तालिबान ने ईरानी अधिकारियों से अफगानी शरणार्थियों से उचित व्यवहार करने की अपील भी की है।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement