भारतीय गणतंत्र दिवस पर दुनियाभर से शुभकामनाओं का तांता | The Voice TV

Quote :

"हम जो सोचते हैं, वो बन जाते हैं। इसलिए हमेशा अच्छा सोचें।" — गौतम बुद्ध

International

भारतीय गणतंत्र दिवस पर दुनियाभर से शुभकामनाओं का तांता

Date : 26-Jan-2023

 वाशिंगटन/ काठमांडू/ मॉस्को/ नई दिल्ली, 26 जनवरी (हि.स.)। भारतीय गणतंत्र दिवस पर दुनियाभर से शुभकामनाओं का तांता लगा है। अमेरिका, रूस, नेपाल, सऊदी अरब, ऑस्ट्रेलिया सहित कई देशों ने भारत को गणतंत्र दिवस पर शुभकामनाएं एवं बधाइयां दी हैं। दुनियाभर में भारतीय दूतावासों पर तिरंगा लहराकर गणतंत्र दिवस मनाया गया। 

अमेरिका की ओर से विदेश सचिव एंटनी ब्लिंकन ने गणतंत्र दिवस के अवसर पर भारत को बधाई दी। उन्होंने कहा- भारत और अमेरिका के बीच साझेदारी दुनिया में सबसे ज्यादा प्रोडक्टिव पार्टनरशिप में से एक है। भारत में मौजूद अमेरिकी दूतावास ने इस अवसर पर एक वीडियो बनाकर शुभकामनाएं दी हैं। इस वीडियो में अमेरिका के दो अधिकारी राघवन और स्टेफनी भारतीय सिंगर पवित्रा चारी के साथ वन्दे मातरम् गाते हुए नजर आ रहे हैं। 

अमेरिकी दूतावास ने इस वीडियो के साथ लिखा, भारत को 74वें गणतंत्र दिवस की बधाई! हम भारत के राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम् को गा कर गणतंत्र दिवस मना रहे हैं! इस वीडियो में अमेरिकी अधिकारी राघवन बांसुरी बजाते हुए दिख रहे हैं। स्टेफनी गिटार बजाते हुए नजर आ रही हैं। भारतीय सिंगर पवित्रा चारी वन्दे मातरम् गा रही हैं। 

इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतान्याहू ने ट्वीट कर लिखाए मैं मेरे प्रिय मित्र प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और सभी भारतीयों को भारत के 74वें गणतंत्र दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं देता हूँ। मुझे यकीन है कि हमारे देशों के बीच पहले से ही जो घनिष्ठ संबंध हैं वो हर साल और मजबूत होते रहेंगे।

ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बानीज ने अपने संदेश में कहा है कि 26 जनवरी को ऑस्ट्रेलिया स्थित भारतीय समुदाय के लिए दोहरी खुशी का दिन है। इस दिन लोग भारत का गणतंत्र दिवस मना रहे हैं, वहीं ऑस्ट्रेलिया का राष्ट्रीय दिवस भी मनाया जा रहा है। उन्होंने इस संयोग का जिक्र करते हुए भारतीय गणतंत्र दिवस की बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि भारत एवं ऑस्ट्रेलिया, दोनों देशों के राष्ट्रीय पर्वों में यह समानता हमें अपनी दोस्ती की गहराई का जश्न मनाने का मौका देती है। यह दिन हमें याद दिलाता है कि दोनों देशों को अपने संबंधों को और मजबूती प्रदान करते हुए अपने साझा भविष्य की ओर आगे बढ़ना है। ब्रिटेन की ओर से जारी बधाई संदेश में कहा गया है कि दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र को 74वें गणतंत्र दिवस की बधाई। 

नेपाल के प्रधानमंत्री पुष्प कमल दहल प्रचंड ने भारत के प्रधानमंत्री और लोगों को बधाई दी। नेपाल के पूर्व प्रधानमंत्री शेरबहादुर देउबा ने भी शुभकामनाएं देते हुए लिखा कि ये दिन भारत के लिए शांति लाए। मालदीव के विदेश मंत्री अब्दुल्ला शाहिद ने कहा कि भारतीय संविधान की सफलता कई देशों के लिए एक प्रेरणा है। भारतीय लोकतंत्र न केवल जीवित है बल्कि फल-फूल रहा है। गणतंत्र दिवस पर सरकार और भारत के लोगों को हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए भारत की शांति, प्रगति और समृद्धि की कामना की गयी है। 

रूस की ओर से भी गणतंत्र दिवस की बधाई दी गई है। रूस की ओर से जारी बधाई संदेश में सभी भारतीय दोस्तों को गणतंत्र दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दिये जाने की बात कही गयी है। सऊदी अरब ने भी सभी भारतवासियों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं देते हुए बधाई संदेश जारी किया है।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement