रूस ने वाशिंगटन के साथ परामर्श के नवीनतम दौर के दौरान अमेरिका को दोनों देशों के बीच सीधे हवाई संपर्क को फिर से शुरू करने का प्रस्ताव दिया है। रूसी विदेश मंत्रालय ने आज जानकारी दी कि दोनों देशों के राजनयिकों ने कल इस्तांबुल में अपने-अपने दूतावासों के संचालन को सामान्य बनाने पर चर्चा की, जो पिछले वर्षों में राजनयिकों के निष्कासन के कारण प्रभावित हुआ था।
मंत्रालय ने वार्ता को सकारात्मक और उत्पादक बताया, और कहा कि रूस और अमेरिका ने अपने राजनयिक मिशनों के लिए पारस्परिक आधार पर निर्बाध वित्तपोषण सुनिश्चित करने और राजनयिकों के लिए आवश्यक परिस्थितियाँ बनाने के लिए संयुक्त कदम उठाने पर सहमति व्यक्त की है।
इसके अलावा, मंत्रालय ने यह भी बताया कि रूस ने अमेरिका को सीधे हवाई यातायात को बहाल करने का प्रस्ताव दिया है। 24 फरवरी, 2022 को यूक्रेन में सैन्य अभियान शुरू करने के बाद, रूस पर लगे प्रतिबंधों के चलते अमेरिका और अन्य पश्चिमी देशों ने रूस के साथ हवाई संपर्क को समाप्त कर दिया था। इस्तांबुल में हुई अमेरिका-रूस वार्ता अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प और रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के बीच पूर्व में हुई बातचीत, और इस महीने की शुरुआत में सऊदी अरब में दोनों देशों के वरिष्ठ राजनयिकों और अधिकारियों के बीच संवाद के बाद आयोजित की गई। रियाद में, मास्को और वाशिंगटन ने यूक्रेन संघर्ष को समाप्त करने और अपने राजनयिक और आर्थिक संबंधों में सुधार लाने के प्रयासों पर सहमति जताई थी।
