संयुक्त राष्ट्र महासचिव का दावा, सुरक्षा परिषद में स्थाई सदस्यों की संख्या बढ़ाने पर विचार | The Voice TV

Quote :

"सकारात्मक सोच ही सफलता की पहली सीढ़ी है।"

International

संयुक्त राष्ट्र महासचिव का दावा, सुरक्षा परिषद में स्थाई सदस्यों की संख्या बढ़ाने पर विचार

Date : 20-Dec-2022

 न्यूयार्क, 20 दिसंबर (हि.स.)। संयुक्त राष्ट्र संघ के महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने कहा है कि संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में स्थाई सदस्यों की संख्या बढ़ाने पर विचार किया जा रहा है। पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि अधिकांश देश सुरक्षा परिषद के विस्तार पर सहमत हैं, हालांकि वीटो के अधिकार का मुद्दा अभी उलझा हुआ है।

संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में अभी पांच देश चीन, फ्रांस, रूस, ब्रिटेन और अमेरिका स्थायी सदस्य हैं। इन्हें वीटो का अधिकार भी मिला हुआ है। भारत सहित कई देश लंबे समय से दुनिया के बदलते स्वरूप के अनुरूप संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के विस्तार की मांग कर रहे हैं।

अब संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने दावा किया है कि सुरक्षा परिषद में स्थाई सदस्यों की संख्या बढ़ाई जा सकती है। इस मुद्दे पर गंभीरता से विचार भी किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि बड़ा सवाल सुरक्षा परिषद के विस्तार और परिषद के नए स्थायी सदस्यों को वीटो का अधिकार दिये जाने से संबंधित है। यह सदस्य देशों का अंदरूनी मामला है और इससे संबंधित वार्ताओं में संयुक्त राष्ट्र सचिवालय का हस्तक्षेप नहीं है।

गुटेरेस ने कहा कि अमेरिका और रूस स्पष्ट रूप से संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में स्थाई सदस्यों की संख्या में विस्तार के पक्ष में होने का संकेत दे चुके हैं। कुछ समय पहले ब्रिटेन और फ्रांस ने भी इस दिशा में सकारात्मक रुख दिखाया है। हालांकि, इन देशों ने वीटो के अधिकार पर कुछ प्रतिबंधों के साथ प्रस्ताव भेजा है। उन्होंने कहा कि सुरक्षा परिषद की संरचना में बदलाव के लिए संयुक्त राष्ट्र महासभा के दो तिहाई मतों के अलावा सुरक्षा परिषद के स्थायी सदस्यों चीन, फ्रांस, रूस, ब्रिटेन और अमेरिका के सकारात्मक मतों की जरूरत है। मौजूदा स्थाई सदस्यों में चीन को छोड़ कर अन्य चारों देश सुधार के पक्ष में हैं। 


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement