केन्द्रीय मंत्री पटेल से मिले मप्र के आयुष मंत्री, संजय सरोवर परियोजना में शीघ्र मंजूरी देने का किया आग्रह
भोपाल, 2 फरवरी (हि.स.)। मध्य प्रदेश के आयुष राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रामकिशोर ‘नानो’ कावरे ने गुरुवार को नई दिल्ली में केन्द्रीय खाद्य प्र-संस्करण एवं जल शक्ति राज्य मंत्री प्रहलाद पटेल से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने बालाघाट एवं सिवनी जिले की लंबित सिंचाई परियोजना में जल्द स्वीकृति दिये जाने का आग्रह किया।
राज्य मंत्री कावरे ने केन्द्रीय जल शक्ति राज्य मंत्री को अवगत कराया कि बालाघाट एवं सिवनी जिले की संजय सरोवर परियोजना में नहरों के विस्तारीकरण, नवीनीकरण और आधुनिकीकरण में स्वीकृति लंबित है। उन्होंने कहा कि 357 करोड़ रुपये लागत की कार्य-योजना बनाकर केन्द्रीय जल शक्ति मंत्रालय को पूर्व में भेजी जा चुकी है। उन्होंने कहा कि सिंचाई परियोजना में लाइनिंग कार्य कराये जाने से पानी की बर्बादी को रोका जा सकेगा। साथ ही बालाघाट एवं सिवनी जिले में करीब 11 हजार हेक्टेयर अतिरिक्त भूमि में सिंचाई सुविधा मिल सकेगी और आसपास के 300 गाँव के किसानों को लाभ मिलेगा।
केन्द्रीय आयुष सचिव से किया बालाघाट में आयुर्वेद महाविद्यालय की स्थापना को मंजूरी देने का अनुरोध
आयुष राज्य मंत्री रामकिशोर कावरे ने गुरुवार को नई दिल्ली प्रवास के दौरान केन्द्रीय आयुष विभाग के सचिव राजेश कोटेजा से भी मुलाकात की। उन्होंने बालाघाट के नक्सल प्रभावित क्षेत्र में विकास को दृष्टिगत रखते हुए आयुर्वेद महाविद्यालय, हर्बल गार्डन एवं फार्मेसी की स्थापना के प्रस्ताव पर शीघ्र मंजूरी दिये जाने का अनुरोध किया।
मंत्री कावरे ने बताया कि केन्द्रीय जनजातीय मंत्रालय से भी आयुष शोध केन्द्र की स्थापना के लिये स्वीकृत राशि शीघ्र जारी किये जाने का अनुरोध किया गया है। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय पर्यटन स्थल खजुराहो में केन्द्रीय शोध संस्थान योग और नेचुरोपेथी के 100 बिस्तरीय चिकित्सालय के प्रस्ताव पर भी शीघ्र स्वीकृति दिये जाने का अनुरोध किया। उन्होंने कहा कि विश्व प्रसिद्ध खजुराहो में वर्षभर दुनियाभर के पर्यटक निरंतर पहुँचते हैं। खजुराहो में शोध संस्थान और नेचुरोपेथी चिकित्सालय के लिये भूमि आवंटन की प्रक्रिया पूरी की जा चुकी है। केन्द्रीय आयुष मंत्रालय के अधिकारियों ने स्थल का निरीक्षण कर प्रस्ताव को उपयुक्त बताया है।
