पंचमी पर शीतला धाम में आस्था का ज्वार, तड़के खुले कपाट | The Voice TV

Quote :

“स्वयं जैसे हो वैसे ही रहो; बाकी सब तो पहले से ही कोई और बन चुके हैं।” ― ऑस्कर वाइल्ड

Travel & Culture

पंचमी पर शीतला धाम में आस्था का ज्वार, तड़के खुले कपाट

Date : 23-Mar-2026

 मीरजापुर,  चैत्र नवरात्र की पंचमी तिथि पर चुनार के अदलपुरा स्थित बड़ी शीतला माता धाम में सोमवार को आस्था का ऐसा सैलाब उमड़ा कि अब तक के सारे रिकॉर्ड टूट गए। मां स्कंदमाता के स्वरूप के दर्शन के लिए श्रद्धालु रात से ही कतारों में डटे रहे।

श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए मंदिर के कपाट भोर तीन बजे मंगला आरती के बाद ही खोल दिए गए। इसके बावजूद दर्शन के लिए लंबी कतारें ऑटो स्टैंड, वाहन पार्किंग, रामलीला मैदान से लेकर शीतला धाम की गलियों, चौक और गंगा घाट तक फैली रहीं। हालात ऐसे रहे कि कई रास्तों पर जाम की स्थिति बन गई।

हाथों में नारियल, चुनरी, हलुआ-पूड़ी, पुआ और फूल-मालाएं लिए भक्त मां के जयकारे लगाते हुए एक झलक पाने को आतुर दिखे। गर्भगृह में इतनी भीड़ रही कि कई श्रद्धालु प्रसाद भी अर्पित नहीं कर सके, फिर भी मां के दर्शन मात्र से खुद को धन्य मानते रहे।

भीड़ को नियंत्रित करने में पुलिस को खासी मशक्कत करनी पड़ी। कोतवाल विजय शंकर सिंह, मेला प्रभारी उप निरीक्षक कुमार संतोष समेत पुलिस व पीएसी बल गर्भगृह से लेकर पूरे मेला क्षेत्र में मुस्तैद रहे।

चारों ओर गूंजते जयकारों और उमड़ी भीड़ ने शीतला धाम को आस्था के महाकुंभ में बदल दिया।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement