भाजपा अध्यक्ष नड्डा ने शिमला और सोलन में किया जनसंपर्क, पार्टी के पक्ष में मतदान की अपील | The Voice TV

Quote :

"सकारात्मक सोच ही सफलता की पहली सीढ़ी है।"

National

भाजपा अध्यक्ष नड्डा ने शिमला और सोलन में किया जनसंपर्क, पार्टी के पक्ष में मतदान की अपील

Date : 06-Nov-2022

 शिमला, 06 नवंबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने रविवार को शिमला के लोअर बाजार, द मॉल और सोलन के मेन बाजार में जनसंपर्क किया और लोगों से भाजपा के पक्ष में भारी मतदान करने की अपील की।

भाजपा ने राज्य के सभी 68 मंडलों में जनसंपर्क कार्यक्रम चलाया। इसी कड़ी में नड्डा ने शिमला में जनसंपर्क अभियान के दौरान लोअर बाजार में लोगों के साथ जलेबी खाने का आनंद भी उठाया। नड्डा के साथ जनसंपर्क अभियान में पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सौदान सिंह एवं शिमला से भाजपा उम्मीदवार संजय सूद भी मौजूद थे। नड्डा ने शिमला में जनसंपर्क अभियान के दौरान कहा कि आज हमारे केंद्र एवं प्रदेश के नेता और पार्टी पदाधिकारी प्रदेश के सभी 68 विधानसभा क्षेत्रों में जनसंपर्क कर रहे हैं। जनसंपर्क अभियान में लोगों का भाजपा के प्रति विशेष उत्साह और रुझान देखने को मिल रहा है।

नड्डा ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के प्रति हिमाचल प्रदेश की जनता ने अथाह प्रेम और अटूट विश्वास संजोकर रखा है। प्रधानमंत्री ने हिमाचल में विकास कार्यों को तेज करते हुए यहां के लोगों के जनजीवन को आसान बनाने के लिए अथक प्रयास किये हैं। 12 नवंबर को भाजपा के पक्ष में भारी मतदान होगा और हिमाचल में एक बार पुनः कमल खिलेगा।

कांग्रेस पर हमला बोलते हुए नड्डा ने कहा कि कांग्रेस को अपने ही घोषणापत्र पर विश्वास नहीं है। कांग्रेस का घोषणापत्र लिखने वालों ने उसे पढ़ा नहीं और पढ़ने वालों ने लिखा नहीं। वे तो बस बोलने के लिए बोल देते हैं। न उस घोषणापत्र में विजन है, न वजन है और न डायरेक्शन है। कांग्रेस इसी के लिए जानी भी जाती है। कांग्रेस ने आखिर कौन से मेनिफेस्टो को सीरियसली लिया है और किस मेनिफेस्टो पर जनता के साथ चर्चा की है? और तो और, अब तो जनता भी कांग्रेस को गंभीरता से नहीं लेती।

नड्डा ने कहा कि भाजपा का घोषणापत्र हिमाचल प्रदेश के विकास का रोडमैप है। हम जनता से झूठे वादे नहीं करते बल्कि हम तो गांव, गरीब, किसान, दलित, आदिवासी, पिछड़े, युवा एवं महिलाओं के सशक्तीकरण की बात करते हैं। भारी बहुमत से हिमाचल प्रदेश में फिर से कमल खिलेगा और भाजपा की सरकार बनेगी।

हिन्दुस्थान समाचार/सुनील

 

RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement