राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति समेत नेताओं ने स्वामी विवेकानंद की जयंती पर अर्पित की श्रद्धांजलि, दीं युवाओं को शुभकामनाएं | The Voice TV

Quote :

"सकारात्मक सोच ही सफलता की पहली सीढ़ी है।"

National

राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति समेत नेताओं ने स्वामी विवेकानंद की जयंती पर अर्पित की श्रद्धांजलि, दीं युवाओं को शुभकामनाएं

Date : 12-Jan-2026

 नई दिल्ली, 12 जनवरी । स्वामी विवेकानंद की जयंती और राष्ट्रीय युवा दिवस पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन, गृह मंत्री अमित शाह, नितिन गडकरी, मल्लिकार्जुन खरगे, राहुल गांधी और योगी आदित्यनाथ सहित कई प्रमुख नेताओं ने स्वामीजी को श्रद्धांजलि अर्पित की और युवाओं को शुभकामनाएं दीं। साथ ही, उनके विचारों और योगदान को याद किया गया। उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने अपने आवास पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने साेशल मीडिया एक्स पर लिखा कि स्वामी विवेकानंद एक शाश्वत दूरदर्शी और आध्यात्मिक प्रतीक थे। उन्होंने आंतरिक शक्ति और मानवता की सेवा को सार्थक जीवन की नींव बताया। भारत के शाश्वत ज्ञान को दुनिया तक पहुंचाने वाले स्वामीजी ने भारतीयों में राष्ट्रीय गौरव जगाया और युवाओं को राष्ट्र निर्माण के लिए प्रेरित किया। उनकी शिक्षाएं मानवता को सदैव प्रेरित करती रहेंगी।

उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने उपराष्ट्रपति एन्क्लेव में स्वामी विवेकानंद को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि स्वामीजी के जीवन और शिक्षाओं ने आंतरिक शक्ति, आत्म-अनुशासन और निस्वार्थ सेवा पर जोर दिया। भारत की सभ्यतागत ज्ञान को विश्व में फैलाकर उन्होंने राष्ट्रीय गौरव की लौ जलाई और युवाओं में देश की प्रगति के लिए विश्वास पैदा किया। उनके आदर्श पीढ़ियों के लिए मार्गदर्शक बने रहेंगे।

गृह मंत्री अमित शाह ने स्वामी विवेकानंद को श्रद्धांजलि अर्पित किया और देशवासियों को राष्ट्रीय युवा दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि स्वामीजी ने भारतीय ज्ञान परंपरा, दर्शन और अध्यात्म से युवाओं को जोड़ा तथा रामकृष्ण मिशन के माध्यम से समाज सेवा के आदर्श स्थापित किए। उनके विचार युवाओं में कर्तव्यबोध और राष्ट्रप्रेम जागृत कर विकसित भारत के निर्माण को गति दे रहे हैं।

केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने स्वामी विवेकानंद को युग प्रवर्तक और युवाओं के प्रेरणास्रोत बताया। उन्होंने कहा कि उनके तेजस्वी विचारों ने भारतीय संस्कृति को विश्व में स्थापित किया और पिढ़ियों तक प्रेरित करते रहेंगे। देश की युवा शक्ति को राष्ट्रीय युवा दिवस की शुभकामनाएं दीं।

कांग्रेस राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने सभी देशवासियों को राष्ट्रीय युवा दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने स्वामी विवेकानंद को भारतीय जीवन-मूल्यों का प्रतीक और युवाओं के लिए प्रेरणा का अमूल्य स्रोत बताया। खरगे ने याद दिलाया कि राजीव गांधी ने स्वामीजी के विचारों को श्रद्धांजलि स्वरूप इस दिन को राष्ट्रीय युवा दिवस घोषित किया था।

राहुल गांधी ने स्वामी विवेकानंद को नमन किया। उन्होंने कहा कि स्वामीजी ने अपने विचारों से भारत की संस्कृति को विश्व पटल पर पहुंचाया और उनके आदर्श हर भारतवासी को प्रेरित करते रहेंगे।

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 'गर्व से कहो, हम हिंदू हैं' लिखकर साेशल मीडिया एक्स पर पोस्ट किया। उन्होंने स्वामी विवेकानंद को भारतीय ज्ञान-परंपरा के ध्वजवाहक और सनातन संस्कृति को विश्व मंच पर पुनर्स्थापित करने वाले बताया। योगी ने कहा कि उनके विचारों ने सिद्ध किया कि हिंदू धर्म मानवता के समग्र उत्कर्ष का मार्गदर्शक है। राष्ट्रीय युवा दिवस पर युवाओं से उनके विचारों को जीवन में धारण कर राष्ट्र सेवा का संकल्प दृढ़ करने की अपील की।

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने एक्स पोस्ट में भारत की सनातन ज्ञान-परंपरा और सांस्कृतिक गौरव के वैश्विक उद्घोषक स्वामी विवेकानंद की जयंती पर उन्हें नमन किया एवं राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर सभी को शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि स्वामी विवेकानंद का जीवन-दर्शन आध्यात्मिक चेतना का महाप्रवाह है, जिसने पूर्व के आत्मबोध और पश्चिम के तर्कवाद के मध्य सशक्त सामंजस्य स्थापित करते हुए संपूर्ण मानवता को एकात्मता का संदेश दिया। उनके विचार युवाओं को केवल भौतिक उन्नति तक सीमित न रहकर आत्म-साक्षात्कार और चरित्र-निर्माण के उच्च शिखरों तक पहुंचने का प्रेरक आह्वान करते हैं। उन्होंने आध्यात्मिक जड़ों से जुड़कर राष्ट्र निर्माण के संकल्प को नई ऊर्जा और दिशा प्रदान की।

उल्लेखनीय है कि, स्वामी विवेकानंद जयंती को राष्ट्रीय युवा दिवस के रूप में मनाया जाता है, जो युवाओं को उनके आदर्शों और शिक्षाओं से प्रेरित करने के लिए है, खासकर शिकागो भाषण (1893) के बाद वैश्विक मंच पर भारतीय संस्कृति और वेदांत के प्रचार के लिए तथा 'उठो, जागो' के उनके प्रसिद्ध नारे के साथ, मानवता की सेवा और आत्म-जागरण का संदेश देते हैं।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement