आज विश्व रेड क्रॉस दिवस महान मानवतावादी और रेड क्रॉस के संस्थापक जीन हेनरी डुनैंट की 197वीं जयंती के अवसर पर पूरे विश्व में मनाया जा रहा है। इस वर्ष का विषय है – "मानवता को जीवित रखना", जो उन व्यक्तियों को सम्मानित करने का आह्वान है, जो दूसरों के दुखों को कम करने और उनकी मानवीय गरिमा की रक्षा हेतु समर्पित रहते हैं — कभी-कभी अपने जीवन की कीमत पर भी।
नागालैंड में भी यह दिवस श्रद्धा और समर्पण के साथ मनाया जा रहा है। राज्य के विभिन्न जिलों में रेड क्रॉस स्वयंसेवकों द्वारा कार्यक्रमों की एक श्रृंखला आयोजित की गई है।
भारतीय रेड क्रॉस सोसायटी, नागालैंड राज्य शाखा द्वारा कोहिमा में एक राज्य स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें नागालैंड के राज्यपाल ला गणेशन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
मुख्यमंत्री नेफ्यू रियो ने भी विश्व रेड क्रॉस दिवस के अवसर पर शुभकामनाएं देते हुए स्वयंसेवकों के अथक प्रयासों की सराहना की। अपने संदेश में उन्होंने कहा कि वे उन अनगिनत रेड क्रॉस स्वयंसेवकों को सम्मानित करते हैं, जो विपरीत और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में भी करुणा, साहस और निष्पक्षता के साथ मानवता की सेवा करते हैं।
यह दिवस न केवल रेड क्रॉस आंदोलन की भावना का प्रतीक है, बल्कि मानवीय मूल्यों की सतत रक्षा और संवर्धन का संकल्प भी है।
