रात की दाल बच गई है? फेंकने से अच्छा नाश्ते में ऐसे बनाएं क्रिस्पी पराठे | The Voice TV

Quote :

"अपने जीवन को खुद ही बदलना होगा, दूसरों का इंतजार मत करो।" - स्वामी विवेकानंद

Health & Food

रात की दाल बच गई है? फेंकने से अच्छा नाश्ते में ऐसे बनाएं क्रिस्पी पराठे

Date : 15-Jun-2026

 अक्सर रात के खाने के बाद दाल बच जाती है और अगले दिन समझ नहीं आता कि उसका क्या किया जाए. कई लोग बची हुई दाल को दोबारा गर्म करके खा लेते हैं, जबकि कुछ लोग उसे फेंक देते हैं. लेकिन अगर आप चाहें तो इसी बची हुई दाल से सुबह के नाश्ते के लिए स्वादिष्ट और क्रिस्पी पराठे तैयार कर सकते हैं. यह न सिर्फ खाने में मजेदार होते हैं, बल्कि पोषण से भी भरपूर होते हैं. दाल पराठा पंजाब, राजस्थान और गुजरात जैसे राज्यों में काफी लोकप्रिय है. इसकी खासियत यह है कि इसे किसी भी तरह की दाल से बनाया जा सकता है. चाहे आपके पास अरहर दाल बची हो, मूंग दाल, चना दाल या फिर दाल फ्राई, सभी से स्वादिष्ट पराठे तैयार किए जा सकते हैं.

क्या-क्या लगेगा?

दाल पराठा बनाने के लिए आपको एक कप गेहूं का आटा, आधा कप बची हुई दाल, थोड़ा कद्दूकस किया हुआ अदरक, बारीक कटा हरा धनिया, जीरा, अजवाइन, लाल मिर्च पाउडर, हल्दी, गरम मसाला, अमचूर और स्वादानुसार नमक चाहिए होगा. पराठों को सेंकने के लिए घी या तेल का इस्तेमाल किया जा सकता है.

ऐसे तैयार करें आटा

सबसे पहले एक बड़े बर्तन में आटा और बची हुई दाल डालें. अब इसमें सभी मसाले, अजवाइन, जीरा, अदरक और हरा धनिया मिला दें. अगर दाल पहले से मसालेदार है तो मसालों की मात्रा थोड़ी कम रख सकते हैं. सभी चीजों को अच्छी तरह मिलाने के बाद जरूरत के अनुसार थोड़ा-थोड़ा पानी डालकर नरम आटा गूंथ लें. आटे पर थोड़ा सा तेल लगाकर 10 से 15 मिनट के लिए ढककर रख दें. इससे आटा अच्छी तरह सेट हो जाएगा और पराठे ज्यादा अच्छे बनेंगे.

पराठों को बनाएं क्रिस्पी

अब आटे की लोइयां बनाकर उन्हें बेल लें. चाहें तो पराठे को लेयर्ड बनाने के लिए बीच में थोड़ा घी और सूखा आटा लगाकर फोल्ड कर सकते हैं. इससे पराठे ज्यादा कुरकुरे बनते हैं. मध्यम आंच पर तवा गर्म करें और पराठे को दोनों तरफ से सेंकें. जब हल्के सुनहरे धब्बे दिखाई देने लगें तो ऊपर से घी या तेल लगाएं. दोनों तरफ से अच्छी तरह सेकने के बाद पराठा बाहर से क्रिस्पी और अंदर से नरम बनकर तैयार हो जाएगा.

किसके साथ खाएं?

दाल पराठे को दही, रायता, हरी चटनी या अचार के साथ परोसा जा सकता है. यह बच्चों के टिफिन, ऑफिस लंच या सुबह के भरपेट नाश्ते के लिए भी शानदार विकल्प है. अगर रात की दाल बच जाए, तो उसे फेंकने की बजाय इस आसान रेसिपी से क्रिस्पी पराठे बनाकर पूरे परिवार का दिल जीत सकते हैं.


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement