पुष्कर में 15 मार्च को होगा विप्र फाउंडेशन का 18वां राष्ट्रीय परिषद् अधिवेशन | The Voice TV

Quote :

"छोटा सा बदलाव ही जिंदगी की एक बड़ी कामयाबी का हिस्सा होता है"।

National

पुष्कर में 15 मार्च को होगा विप्र फाउंडेशन का 18वां राष्ट्रीय परिषद् अधिवेशन

Date : 11-Mar-2026

 पुष्कर, 11 मार्च । विप्र फाउंडेशन का 18वां राष्ट्रीय परिषद् अधिवेशन 15 मार्च को तीर्थराज पुष्कर में आयोजित किया जाएगा। अधिवेशन में देशभर से संगठन के प्रतिनिधि भाग लेकर विभिन्न संगठनात्मक और सामाजिक विषयों पर विचार-विमर्श करेंगे।

संस्था के संगठन महामंत्री डॉ. सीए सुनील शर्मा ने बताया कि अधिवेशन रविवार प्रातः 11 बजे पारीक आश्रम में आयोजित होगा। इसके बाद सायं चार बजे शत गायत्री पुरश्चरण महायज्ञ परिसर में संकल्प सभा का आयोजन किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि संगठन के तेजी से विस्तार को देखते हुए अधिवेशन में सिस्टम आधारित संचालन, संगठनात्मक अनुशासन और मजबूत संरचना को लेकर महत्वपूर्ण निर्णय लिए जाएंगे। साथ ही सदस्यता अभियान, दायित्वयुक्त नियुक्तियों की प्रक्रिया, एक परिवार से एक ही पद का सिद्धांत तथा युवा प्रकोष्ठ की आयु सीमा जैसे विषयों के प्रभावी क्रियान्वयन पर भी चर्चा की जाएगी।

राष्ट्रीय उपाध्यक्ष परमेश्वर शर्मा ने बताया कि परशुराम ज्ञानपीठ (जयपुर) और परशुराम कुंड (अरुणाचल प्रदेश) में स्थापित की जा रही 54 फीट ऊंची पंचधातु की ‘स्टैच्यू ऑफ स्ट्रेंथ’ सहित संगठन के प्रमुख प्रकल्पों की पूर्णता की समयसीमा और उनके उद्घाटन कार्यक्रम के स्वरूप पर भी विचार किया जाएगा।

विप्र फाउंडेशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष राधेश्याम शर्मा ‘गुरुजी’ ने कहा कि अधिवेशन में ब्राह्मण सभ्यता और परंपरा के वैशिष्ट्य पर शोध कर उन्हें विभिन्न माध्यमों से व्यवस्थित रूप में प्रस्तुत करने तथा राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उनके प्रचार-प्रसार के लिए नए प्रकल्पों पर भी मंथन किया जाएगा।

संस्था के महामंत्री पवन पारीक ने बताया कि अधिवेशन के द्वितीय सत्र में महायज्ञ स्थल पर संकल्प सभा आयोजित होगी, जिसमें सभी प्रतिनिधि सामूहिक रूप से 108 गायत्री मंत्रों का जाप करेंगे। इस अवसर पर प्रखर महाराज का विशेष संबोधन भी होगा।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload









Advertisement