यूक्रेन का आरोप- रूसी ड्रोन हमले में तुर्किये का नागरिक जहाज बना निशाना | The Voice TV

Quote :

"हिम्मत और मेहनत मिलकर हर असंभव को संभव बना देते हैं।"

International

यूक्रेन का आरोप- रूसी ड्रोन हमले में तुर्किये का नागरिक जहाज बना निशाना

Date : 14-Dec-2025

 कीव, 14 दिसंबर। यूक्रेन की नौसेना ने आरोप लगाया है कि रूस ने एक ड्रोन हमले के जरिए तुर्किये के एक नागरिक जहाज को जानबूझकर निशाना बनाया। यह जहाज सनफ्लावर ऑयल लेकर मिस्र जा रहा था। यह घटना ऐसे समय सामने आई है, जब एक दिन पहले रूस ने यूक्रेन के दो बंदरगाहों पर भी हमले किए थे।

यूक्रेनी नौसेना ने टेलीग्राम पर जारी बयान में बताया कि प्रभावित जहाज का नाम ‘वीवा’ है, जिस पर 11 तुर्किये नागरिक सवार थे। नौसेना के अनुसार, हमले में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है और जहाज सुरक्षित रूप से अपनी यात्रा जारी रखते हुए मिस्र की ओर बढ़ रहा है।

बयान में कहा गया कि यह हमला खुले समुद्र में यूक्रेन के विशेष आर्थिक क्षेत्र में किया गया, जो यूक्रेन की वायु रक्षा प्रणालियों की सीमा से बाहर है। यूक्रेन ने इसे अंतरराष्ट्रीय समुद्री कानूनों का उल्लंघन बताते हुए रूस पर गंभीर आरोप लगाए हैं।

नौसेना ने यह भी स्पष्ट किया कि वह जहाज के कप्तान के संपर्क में है और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।

इससे पहले, 12 दिसंबर को रूस द्वारा किए गए हमलों में यूक्रेन के दो बंदरगाहों को निशाना बनाया गया था, जिसमें तुर्किये के स्वामित्व वाले तीन जहाज क्षतिग्रस्त हो गए थे। उन हमलों के दौरान एक जहाज में भीषण आग लगने की खबर भी सामने आई थी।

यूक्रेन का कहना है कि ये घटनाएं उस चेतावनी के बाद हुई हैं, जिसमें रूस ने यूक्रेन को समुद्री मार्गों से “पूरी तरह अलग” करने की धमकी दी थी। यह चेतावनी तब दी गई थी, जब यूक्रेन ने रूस से तेल निर्यात के लिए जा रहे तथाकथित ‘शैडो फ्लीट’ के तीन टैंकरों को नुकसान पहुंचाया था।

काला सागर क्षेत्र में बढ़ते तनाव के बीच इस घटना ने अंतरराष्ट्रीय समुद्री सुरक्षा और व्यापारिक जहाज़ों की सुरक्षा को लेकर नई चिंताएं खड़ी कर दी हैं।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement