ग्वालियर पहुंची राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, जयविलास पैलेस में लिया सात्विक भोजन का जायका
ग्वालियर, 13 जुलाई । राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू गुरुवार को विशेष विमान से ग्वालियर पहुंची। यहां वायुसेना विमानतल पर उनका स्वागत हुआ। राज्यपाल मंगुभाई पटेल एवं मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने पुष्प-गुच्छ भेंट कर ग्वालियर में उनका आत्मीय स्वागत किया।
विमानतल पर राष्ट्रपति के आगमन पर केन्द्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, प्रदेश के गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्र, जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट, ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर, उद्यानिकी एवं खाद्य प्र-संस्करण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) भारत सिंह कुशवाह, सांसद विवेक नारायण शेजवलकर और महापौर शोभा सिकरवार ने भी पुष्प-गुच्छ भेंट कर स्वागत किया।
संभागीय आयुक्त दीपक सिंह, अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक डी श्रीनिवास वर्मा, कलेक्टर अक्षय कुमार सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राजेश चंदेल सहित वायुसेना के अधिकारियों ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की अगवानी की। विमानतल पर जन-प्रतिनिधियों से भेंट के पश्चात राष्ट्रपति ग्वालियर में आयोजित कार्यक्रमों में शामिल होने के लिये रवाना हुईं।
एयरपोर्ट से राष्ट्रपति सीधे ग्वालियर में केन्द्रीय मंत्री सिंधिया के महल जयविलास पैलेस पहुंचीं। यहां सिंधिया और उनकी पत्नी प्रियदर्शिनी सिंधिया ने उन्हें जयविलास पैलेस और जीवाजीराव सिंधिया म्यूजियम दिखाया। राष्ट्रपति मुर्मू ने जयविलास पैलेस में पहुंचकर पहले गैलरी, संग्रहालय सहित कपड़ा बनाने वाले हथकरघा देखे और यहां काम करने वालों से बात की। साथ ही महल में मौजूद छात्रों व छात्राओं से बात की और उन्हें उपहार दिए। इसके बाद उन्होंने यहां लंच लिया। उन्हें बिना प्याज-लहसुन का भोजन परोसा गया। जयविलास पैलेस में राष्ट्रपति ने लंच में 19 तरह के सात्विक भोजन का जायका लिया। उनके लिए विशेष तौर से सात्विक भोजन तैयार किया गया था। इनमें नेपाली साग से लेकर दालमा, संतुला, जीरा मूंग दाल छिलका, पनीर मखाना, भुट्टा कीस आदि तैयार किए गए थे। इस दौरान उनके साथ राज्यपाल मंगू भाई पटेल, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, सांसद विवेक शेजवलकर, गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा, तुलसी सिलावट, प्रद्युम्न सिंह सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू दोपहर 2.40 बजे गोले का मंदिर मुरैना लिंक रोड स्थित अटल बिहारी वाजपेयी भारतीय सूचना प्रौद्योगिकी एवं प्रबंधन संस्थान (ट्रिपल आईटीएम) पहुंचेंगी। यहां वे स्लम एरियाज (मलिन बस्तियों) के 10 बच्चों को ट्रिपल आईटीएम के स्टूडेंट ज्ञान मूवमेंट के तहत पुस्तकें भेंट करेंगी। यहां वे बॉयज हॉस्टल की आधारशिला रखेंगी। इसके बाद राष्ट्रपति ट्रिपल आईटीएम के चौथे दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में सम्मिलित होंगी।
